नवाबगंज। विदेश भेजने के नाम पर दो युवकों से 2.80 लाख की ठगी कर ली गई। पीड़ितों ने ट्रैवेल एजेंसी के संचालक पर ठगी का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कुसुंभी गांव निवासी रोहित ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि नवाबगंज कुसुंभी रोड तिराहा निवासी एक ट्रैवेल्स एजेंसी के संचालक ने दुबई भेजने और नौकरी लगवाने के नाम पर उसे टूरिस्ट बीजा थमाकर 25 नवंबर 2020 को 1.40 लाख रुपये ठग लिए। 9 दिसंबर 2020 को उसे दुबई का टिकट दिया गया था। मुंबई एयरपोर्ट पर उसे टूरिस्ट बीजा मिलने की जानकारी हुई, जिस पर वह लौट आया। इसी तरह कुसुंभी निवासी शुभम रावत ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसे भी दुबई भेजने का झांसा देकर 25 नवंबर 2020 को टूरिस्ट बीजा थमाकर 1.40 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने ठगी व जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। दोनों पीड़ितों ने बताया कि ट्रैवेल्स एजेंसी संचालक और भी कई लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी कर चुका है।