चकलवंशी। बंदाखेड़ा गांव में बिजली बिल वसूलने गए बिजली कर्मचारियों से ग्रामीणों ने पहचानपत्र मांगा। न देने पर बिल जमा करने से मना कर दिया। बकायेदारी में पांच उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने से गुस्साए ग्रामीण हंगामा करने लगे। अवर अभियंता ने पांच लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा व कर्मचारियों से अभद्रता करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार को विभाग की चार सदस्यीय टीम बंदाखेड़ा गांव पहुंची थी। टीम ने बकायेदारों के कनेक्शन काटने शुरू किए तो ग्रामीणों ने कर्मचारियों से पहचान पत्र दिखाने को कहा। कर्मचारी पहचानपत्र न दिखा सके तो उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने से इंकार कर दिया। इसी बीच टीम ने पांच उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए। इससे ग्रामीण हंगामा करने लगे। अवर अभियंता आशीष चौधरी ने बताया कि कई लोगों के बिजली के बिल बकाया हैं। वसूली के लिए टीम गांव गई थी। बिल न जमा कर गांव के लोगों ने कर्मचारियों से अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। जेई की तहरीर पर गांव के उमेश सिंह, विजय सिंह, लवकुश, शिवा व संतोष सिंह के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा व कर्मचारियों से अभद्रता करने की रिपोर्ट दर्र्ज की गई है। ग्रामीणों ने कहा कि कर्मचारी बिना पहचानपत्र के वसूली कर रहे थे। इससे उनके ठग होने की आशंका पर पहचानपत्र दिखाने के लिए कहा गया था।