गंजमुरादाबाद। औरास थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात मिट्टी खनन का वीडियो बना हिस्सेदारी मांगना दो युवकों को महंगा पड़ गया। खनन कराने वाला युवक साथियों के साथ दोनों को कार से बेहटामुजावर थाना क्षेत्र स्थित अपने घर लाया और बंधक बनाकर पीटा। पुलिस ने खनन कराने वाले एक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
मेहरबानखेड़ा निवासी जयपाल यादव शुक्रवार रात औरास थानाक्षेत्र में जेसीबी से मिट्टी खनन करा रहा था। औरास निवासी रंजीत कुमार और सुरेंद्र कुमार ने खनन स्थल पर पहुंचकर पहले वीडियो बनाया। फिर हिस्सेदारी मांगने लगे। जयपाल ने उन्हें गांव में रुपये देने का झांसा दिया और कार से मेहरबानखेड़ा अपने घर ले आया। यहां कमरे में बंधक बनाकर दोनों को पीटा। इसी बीच किसी ने बेहटामुजावर थाना पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी जयपाल साथियों समेत भाग निकला। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने जयपाल यादव को पकड़कर शांतिभंग में चालान कर दिया।