उन्नाव। चार सड़क हादसों में एक बच्चे की मौत और चार लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया है।
पहली घटना में सदर कोतवाली के गढ़ी सिलौली गांव निवासी मनोज का पांच वर्षीय पुत्र रितिक घर के बाहर खेल रहा था। वह खेलते हुए सड़क पर आ गया। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने बच्चे को टक्कर मार दी। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक लोडर लेकर भाग निकला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी घटना में मौरावां-हिलौली मार्ग पर गुरुवार को नंदीखेड़ा गांव के पास दो बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में पुरवा के भाटमऊ गांव निवासी रमजान व विपिन कुमार घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गजफ्फरपुर पैसरा गांव निवासी रमेश की 18 वर्षीय बेटी सोनम कालीमिट्टी स्थित आईटीआई से गुरुवार को छुट्टी के बाद घर जा रही थी। बांगरमऊ से आ रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर को कब्जे में लिया है। छात्रा को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सुल्तानपुर जिला के थाना दोस्तपुर के बनी गांव निवासी 35 वर्षीय आशुतोष बाइक से लखनऊ से आगरा जा रहा था। एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ क्षेत्र के देवखरी गांव के पास बाइक फिसल गई। इससे वह घायल हो गया। सीएचसी बांगरमऊ से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। आशुतोष हेलमेट लगाए था।