डीएम से मिलकर व्यथा सुनाती मृत पत्रकार की मां लक्ष्मी देवी व अन्य परिजन।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। पत्रकार सूरज को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में नामजद, फरार सिपाही की गिरफ्तारी न होने से पूरा परिवार सहमा है। मृतक की मां का आरोप है कि उसे परोक्ष रूप से धमकियां मिल रही हैं। जान का खतरा बता उन्होंने गुुरुवार को डीएम से मिलकर एक सप्ताह में आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी की मांग की है। गिरफ्तारी न होने पर परिवार समेत जिला छोड़ने व मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय मांगने की बात कही है। डीएम ने शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
एबी नगर मोहल्ला निवासी पत्रकार सूरज पांडेय का शव 12 नवंबर को रेलवे ट्रैक के किनारे मिला था। महिला दरोगा सुनीता चौरसिया को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि दूसरा नामजद आरोपी सिपाही अमर सिंह अभी भी फरार है। उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट व कुर्की के लिए नोटिस चस्पा के आदेश भी न्यायालय की ओर से दिए जा चुके हैं।
इसके बाद भी वह हाजिर नहीं हुआ। गुरुवार को सूरज की मां लक्ष्मी सिंह ने डीएम रवींद्र कुमार को शिकायती पत्र देकर बताया कि उन्हें व उनके परिवार के अन्य सदस्यों को सिपाही व महिला दरोगा की ओर से परोक्ष रूप से धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर सिपाही की गिरफ्तारी न होने पर परिवार समेत जिला छोड़ने की बात कही है। डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि पुलिस सिपाही की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।