सफीपुर। एक गांव निवासी युवक ने समाधान दिवस में एसपी को शिकायती पत्र देकर पड़ोसी गांव के चार लोगाें पर विवाहित बेटी को अगवा करने और बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। जांच में युवती के प्रेमी संग जाने की बात सामने आई। पुलिस ने युवती को खोज कर पिता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के मुताबिक पंचायत चुनाव को देखते हुए पिता ने पड़ोसी गांव के लोगों पर आरोप लगाया था। उसे भविष्य में झूठी शिकायत न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।
सफीपुर कोतवाली में मंगलवार को समाधान दिवस पर एक व्यक्ति ने एसपी आनंद कुलकर्णी को शिकायती पत्र देकर बताया कि पड़ोस के गांव के चार लोग उसकी विवाहित बेटी को अगवा कर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। एसपी ने कोतवाल हरिकेश राय को शीघ्र तथ्यों की जानकारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में पता चला कि आरोप लगाने वाले युवक की विवाहिता पुत्री जनपद हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र में ब्याही थी। 19 अक्तूबर को वह अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। पति ने 21 अक्तूबर को ही थाना कासिमपुर में पत्नी के प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। भागी युवती के वापस आने पर कासिमपुर पुलिस ने 14 नवंबर को संडीला में एसडीएम कोर्ट में उसे पेश किया। इस पर उसे पिता के सुपुर्द कर दिया गया था। तब से महिला पिता के साथ ही रह रही थी। कोतवाल ने बताया कि पिता ने व्यक्तिगत द्वेष को लेकर प्रार्थनापत्र दिया था। जांच के दौरान उसके आरोप निराधार पाए गए। पुलिस प्रशासन को गुमराह करने पर उसे चेतावनी दी गई है।