उन्नाव। चलती कार में खींचकर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उस जगह को खंगाला जहां महिला ने कार से खींचे जाने की बात बताई थी। घटनास्थल के आसपास मौजूद दुकानदाराें ने इस तरह की घटना से इनकार किया है। वहीं पुलिस आसपास मकान व दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है। पुलिस ने घटना को संदिग्ध बता घटना के समय आरोपी की मोबाइल लोकेशन भी खंगालने की बात कही है।
कानपुर किदवई नगर की एक 25 वर्षीय महिला लगभग चार साल से उन्नाव सदर कोतवाली के मोहल्ला आदर्श नगर फिर पीडी नगर में किराए का कमरा लेकर रह रही है। आदर्श नगर में रहने वाले एक युवक से उसकी दोस्ती हो गई। महिला इस समय शहर के एक नर्सिंगहोम में काम करती है। शनिवार देर रात उसने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि नर्सिंगहोम से ड्यूटी कर शाम पांच बजे वह वह पीडी नगर स्थित अपने कमरे पर लौट रही थी। साधन न मिलने से वह पैदल ही घर को चल पड़ी। इसी बीच गदनखेड़ा चौराहा से कुछ दूरी पर मारबल दुकान के पास एक कार उसके पास आकर धीमी हुई।
कार में बैठे आदर्श नगर के राहुल नाम के युवक ने उसे अंदर खींच लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। सदर कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि महिला जो घटनास्थल बताया है वहां जाकर तफ्तीश की गई तो आसपास रहने वाले लोगों व दुकानदारों ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। मारबल दुकान समेत आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के वक्त आरोपी के मोबाइल की लोकेशन भी दिखवाई जा रही है। बताया कि तफ्तीश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।