उन्नाव। नगर पालिका की करोड़ों की जमीनों पर अवैध कब्जे कर बिक्री की जा रही है। सरकारी जमीन के आसपास की निजी भूमि खरीदकर उसकी आड़ में सरकारी जमीन पर भी अवैध कब्जे हो रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ने शेखपुर और दरियाईखेड़ा में सरकारी जमीन पर हो रहा अवैध कब्जे रोकने के लिए डीएम और कमिश्नर को पत्र भेजा है।
शहर में कई स्थानों पर नगर पालिका की जमीन पर अवैध तरीके से प्लॉटिंग कर बेचा जा रहा है। शोखपुर में साढ़े तीन बीघा जमीन और दरियाई खेड़ा के पास दो बीघा भूमि पर जमीन के कारोेबार से जुड़े लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। नगर पालिका की ओर से कई बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी अवैध कब्जेदारों ने कब्जे नहीं छोड़े हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ऊषा कटियार ने अब कमिश्नर, डीएम और सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र लिखा है। उन्होंने नगर पालिका की इन जमीनों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने और कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। डीएम रवींद्र कुमार ने कहा कि नगर पालिका या किसी अन्य सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाएगा। अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पालिका की 62 हेक्टेअर भूमि चिह्नित करने की मांग
शहर में पालिका की 62 हेक्टेअर भूमि चिह्नित करने की मांग की है। शहर क्षेत्र में नगर पालिका की 62 हेक्टेअर जमीन है। इसमें से अधिकांश पर अवैध कब्जे या प्लॉटिंंग कर दी गई है। नगर पालिका ने जिला प्रशासन से अपने अधिकार वाली जमीन की तलाश कराने की मांग की है।