पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद मृत मजदूर रामसनेही के परिजन।
- फोटो : UNNAO
अचलगंज। थानाक्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र बंथर स्थित चर्म इकाई के शौचालय में वृद्ध मजदूर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कुंडी तोड़कर शव बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने हार्टफेल होने की आशंका जता शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फैक्टरी प्रबंधन की ओर से मृतक की पत्नी को मुआवजा राशि भी दी गई है।
शहर के मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी निवासी रामसनेही (63) अचलगंज के बंथर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मुकासो मेंटीनेंस चर्म इकाई में पिछले कई सालों से काम कर रहा था। गुरुवार शाम को वह ड्यूटी पर गया था। काम के दौरान रात आठ बजे वह शौच के लिए फैक्टरी के शौचालय में गया था। काफी देर तक बाहर न निकलने पर सहकर्मियों ने शौचालय का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर बदरका चौकी प्रभारी को सूचना दी। चौकी प्रभारी संजीव शाक्य मौके पर पहुंचे और दरवाजे की कुंडी तुड़वाई। दरवाजा खुलने पर रामसनेही का शव पड़ा देखकर सभी सन्न रह गए।
पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामसनेही हृदय रोग से पीड़ित था। हार्टफेल होने से मौत की आशंका जताई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ अतुल तिवारी ने बताया कि शौच के दौरान हार्टफेल होने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि प्रबंधन की ओर से पत्नी मालती देवी को दो लाख का चेक दिया गया है। इसके अलावा बीमा का दो लाख रुपये और देने का आश्वासन दिया गया है। रामसनेही की मौत से पत्नी के अलावा तीन बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।