रुपये भरा पर्स छीनने की जानकारी देती पीड़ित स्टाफ नर्स अर्चना।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहर के बड़ा चैराहा स्थित स्टेट बैंक से दोपहर करीब एक बजे रुपये निकालकर निकली स्टॉफ नर्स के चेहरे पर मिर्च जैसा तीखा पाउडर झोंककर लुटेरे रुपयों से भरी पर्स लेकर भाग निकले। दिनदहाड़े 1.10 लाख की लूट से अफरातफरी मच गई। पुलिस ने महिला व उसके पति के बयान लेने के बाद घटनास्थल के सामने होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सदर कोतवाली के दही चौकी निवासी अर्चना पत्नी अखिलेश बिछिया सीएचसी में स्टॉफ नर्स है। बुधवार दोपहर वह पति के साथ रुपये निकालने शहर के मोहल्ला जगन्नाथगंज बड़ा चौराहा स्थित स्टेट बैंक पहुंची। बैंक से उसने 1 लाख रुपये निकाले और बैग में रख लिए। बैग में पहले से 10 हजार रुपये थे। पति के साथ महिला जैसे ही बैंक से निकलकर पैदल बड़ा चौराहा के पास पहुंची थीं तभी सामने से आ रहे एक युवक ने उसके चेहरे पर पावउडर फेंक दिया। जलन होने पर पति उसे सब्जीमंडी के पास लगे एक हैंडपंप पर ले गया और चेहरा धुलवाने लगा।
अर्चना अपना चेहरा धुल ही रही थी तभी पीछे से आया युवक झपट्टा मारकर उसका रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकला। भागते समय वह कई बाइक सवारों से टकराया पर जब तक लोग माजरा समझते वह सभी की आंखों से ओझल हो गया। पति अखिलेश ने पुलिस को सूचना दी। दिन दहाड़े शहर के बीच लूट की घटना पर कोतवाली पुलिस आनन फानन मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस सब्जी मंडी के सामने स्थित होटल सहित अन्य दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्टॉफ नर्स के पति ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार पर्स में रुपयों के अलावा उसका पैन कार्ड, आधार कार्ड व अन्य जरूरी कागजात थे। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि महिला के चेहरे पर कोई पावडर फेकने की बात बताई जा रही है। घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।