बांगरमऊ। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिखारीपुर पतसिया के मजरा मुन्नीपुरवा गांव निवासी मेवालाल पुत्र मिहीलाल अविवाहित है। मेवालाल ने पुलिस को शिकायतीपत्र देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व उसके पड़ोसी शिवकुमार ने उसकी शादी कराने की बात कही। उसने झांसे में लेकर उससे 40 हजार रुपये भी ऐंठ लिए।
बताया कि रुपये ऐंठने के लिए शिवकुमार ने एक जालसाज महिला को तैयार किया और उसके घर लेकर पहुंचा। उसने महिला को पत्नी बनाकर साथ रखने की बात कही। तीन दिनों तक महिला उसकी पत्नी बनकर घर का कामकाज संभालती रही। महिला ने मेवालाल से घर की छत डलवाने की बात कही। उसकी बातों में आकर मेवालाल बैंक से 40 हजार रुपये निकाल लाया। मौका देखकर महिला 40 हजार रुपये लेकर रफूचक्कर हो गई। मेवालाल ने बताया कि महिला के साथ जालसाज शिवकुमार भी गायब है। कोतवाल श्याम कुमार पाल ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
महिला समेत दो से 35 हजार रुपये की टप्पेबाजी
बांगरमऊ। 24 घंटे के अंतराल में टप्पेबाजों ने दिवगंत फौजी की पत्नी समेत दो महिलाओं से 35 हजार की टप्पेबाजी कर ली। नगर के मोहल्ला सरोजनी नगर निवासी दिवंगत फौजी परमेश्वर दयाल द्विवेदी की पत्नी रामश्री ने सोमवार को कस्बे की बैंक से 11 हजार रुपये निकाले और उन्हें गिनने लगी। इसी बीच दो अज्ञात महिलाएं उसके पास आईं और उससे विड्रॉल फॉर्म भरने में मदद मांगी।
रामश्री ने काउंटर पर रुपये रखे और विड्रॉल फार्म भरने लगी। इसी बीच एक महिला उसके रुपये लेकर रफूचक्कर हो गईं। दूसरी घटना में नगर के मोहल्ला सरोजनीनगर निवासी कल्लू की पत्नी पूनम ने सोमवार दोपहर आर्यावर्त बैंक की स्थानीय शाखा से 20 हजार रुपये निकालकर बैग में रख लिए। वह बैंक से निकलकर पैदल घर को चल पड़ी। लखनऊ मार्ग पर पीछे से आ रहे हेलमेट लगाए बाइक सवार ने तेज हार्न बजाया। इससे पूनम ठिठक गई। पूनम के ठिठकते ही बाइक सवार युवक रुका और पता पूछने के बहाने उसका बैग पार कर दिया। पूनम के अनुसार बैग में 20 हजार की नगदी, लगभग चार हजार रुपये कीमत का मोबाइल और पास बुक थी। पुलिस जांच कर रही है।