अचलगंज। विकासखंड बिछिया के कोरारीकला के सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के लिए चल रहे चुनाव के दौरान दो पक्षों में तू-तू, मैं-मैं हो गई। हंगामा बढ़ते देख चुनाव अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर आगे किसी तारीख पर चुनाव कराने का आदेश दिया।
कोरारीकला में सरकारी राशन दुकान के नए कोटेदार के चयन के लिए चुनाव अधिकारी के रूप में एडीओ पंचायत रविकुमार शर्मा पहुंचे। उनके सामने गांव की राजश्री पति मनोज कुमार व विटोल पत्नी शिवेंद्र ने अपनी प्रत्याशिता दाखिल की। जिस पर दोनों पक्षों के सैकड़ों समर्थक आपस में भिड़ गए। मामला गालीगलौज से शांत न हुआ और मारपीट की नौबत आ गई। जिस पर वहां उपस्थित पुलिस के जवानों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बवाल की आशंका के चलते एडीओ ने प्रक्रिया को स्थगित कर दिया। उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए शांतिपूर्ण चुनाव असंभव दिख रहा है। मामले की रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जा रही है। आगे की कार्रवाई एसडीएम करेंगे।