उन्नाव। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार की दोपहर महिला को इलाज न मिलने पर उसके बेटे ने जमकर हंगामा काटा। युवक का आरोप था कि वार्ड में भर्ती किए जाने के बाद इलाज नहीं दिया गया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को शांत कराया। इस बीच हालत गंभीर होने का हवाला देकर महिला को कानपुर रेफ र कर दिया गया।
शहर के पूरन नगर निवासी मुकेश ने मंगलवार की दोपहर मां भारती शुक्ला को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया था। भारती को बुखार के साथ झटके आ रहे थे। मुकेश का आरोप था कि वार्ड में भर्ती करने के 20 मिनट बाद तक उपचार नहीं दिया गया। इस पर वह शिकायत लेकर स्टाफ नर्स के पास पहुंचा। मुकेश का आरोप था कि स्टाफ नर्स ने उसे वापस कर दिया, जिस पर उसने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होने पर स्टाफ नर्स ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सदर कोतवाली एसएसआई सुधीर व पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पुलिस ने मुकेश को शांत कराया। इस बीच डाक्टर ने भारती की हालत गंभीर होने की बात कही। जिस पर उसे कानपुर हैलट के लिए रेफ र कर दिया गया। एसएसआई सुधीर ने बताया कि हंगामे की सूचना पर वह अस्पताल पहुंचे थे। युवक को शांत कराने के बाद महिला को कानपुर रेफ र करा दिया गया था।