उन्नाव। बारात की निकासी के दौरान छुड़ाए गए पटाखों में एक अधजला बम बच्चों के हाथ लग गया। खेल-खेल में बच्चों ने उसमें आग लगा दी जिससे एक बच्चा घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के शंकर खेड़ा गांव में शुक्रवार को उमाशंकर के बेटे की बारात गई थी। निकासी के दौरान आतिशबाज से कुछ पटाखे व बम नहीं दगे। लापरवाही के चलते उन पटाखों को वहीं डाल दिया गया।
इसी गांव में रहने वाले बाबूलाल का बेटा अंशू (13) कुछ और बच्चों के साथ खेल रहा था तभी एक सुतली बम व अन्य पटाखे मिल गए। बच्चों ने खेल-खेल में उन पटाखों में आग लगा दी। विस्फोट में अंशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अचलगंज स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।