उन्नाव। औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों में कोविड के लक्षण दिखते ही प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होगी। इसके लिए इकाईयों में डे केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। 18 इकाइयों में व्यवस्था दुरुस्त हो गई है। इनमें से छह इकाईयों में ऑक्सीजन भी उपलब्ध है। जिला उद्योग केंद्र की उपायुक्त सविता भारती रंजन ने सहायक उपायुक्त रोचना श्रीवास्तव को सेंटर संचालित कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
डीएम रवींद्र कुमार ने शासन के निर्देश पर जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से औद्योगिक इकाइयों में कोविड संक्रमितों को सुविधाएं मुहैया कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस पर विभागीय निर्देशों पर जिले में संचालित मिर्जा इंटरनेशनल की तीन यूनिट, स्टैंडर्ड फ्रोजन फूड्स, मैश एग्रो, इडार्गो फूड्स, एओवी एक्सपोर्टस, रुस्तम फूड्स, रहमान इंडस्ट्री, आईकॉन डिजाइन, किंग्स इंटरनेशनल, यूरो फुटवियर, मोहन गोल्ड वाटर, मॉडल एक्जिम, रिमझिम स्टेनलेस स्टील व ओमेगा इंटरनेशनल बंथर आदि 16 इकाइयों में डे केयर सेंटर संचालित करा रखे हैं।
इनमें सबसे अधिक 8 बेड एग्रीकॉम फूड्स में उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि अन्य इकाइयों में अभी शुरुआत में एक से तीन तक बेड की उपलब्धता कराई गई है। जिला उद्योग केंद्र की सहायक उपायुक्त ने बताया कि रिमझिम, ओमेगा इंटरनेशनल व मिर्जा इंटरनेशनल आदि छह इकाइयों ने आवश्यकता पर कर्मचारियों को ऑक्सीजन की उपलब्धता कराना सुनिश्चित कर रखा है।
वहीं अन्य स्थानों पर ऑक्सीमीटर आदि के माध्यम से जरूरतमंद के स्वास्थ्य पर नजर रखते हुए चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के प्रबंध किए जाएंगे। विभागीय निरीक्षक रियाजुद्दीन ने बताया कि अन्य इकाइयों में भी डे केयर सेंटर संचालित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसलिए जल्दी ही कई अन्य इकाइयों में इनका संचालन शुरू हो जाएगा।