बिछिया। कोविड अस्पताल के बाहर एंबुलेंस से कूदकर भागी मां-बेटी को स्वास्थ्य टीम ने पुलिस की मदद से ग्यारह मील चौराहे पर पकड़ लिया। दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया। लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भर्ती पति के पास जाने की जिद पर दोनों को बाद में वहीं भेज दिया गया।
तालिब सरांय मोहल्ला निवासी मां-बेटी की रिपोर्ट संक्रमित आने के बाद गुुरुवार देर शाम एंबुलेंस से दोनों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज से बिछिया कोविड अस्पताल लाया गया था। एंबुलेंस का दरवाजा खुलते ही दोनों मां-बेटी भाग गई थीं। सूचना पर पहुंचे एसीएमओ डॉ. एके रावत ने दोनों को दोबारा अस्पताल लाने के लिए डॉ. जितेंद्र को टीम के साथ भेजा और पुरवा कोतवाली पुलिस को सूचना थी।
पुलिस ने अस्पताल से करीब सात किलोमीटर दूर ग्यारह मील चौराहे पर दोनों को पकड़ लिया। एंबुलेंस से पहुंची स्वास्थ्य टीम पुलिस की मौजूदगी में दोनों को कोविड अस्पताल लाई। यहां महिला की बात लोकबंधु अस्पताल में भर्ती उसके पति से कराई गई। मां-बेटी ने वहीं जाने की इच्छा जाहिर की। एसीएमओ ने सीएमओ को मामले की जानकारी दी। सीएमओ ने डीएम से बात कर दोनों को लखनऊ लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया।
कोविड टीम प्रभारी डॉ. राजकिशोर ने बताया कि महिला व उसकी बेटी को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया गया। पति पहले से लोकबंधु अस्पताल में भर्ती है। वह बेटी के साथ वहीं जाना चाहती थी। बाद में दोनों को वहीं भेज दिया गया था।