फोटो नंबर-12, 13
-40 मीटर लंबी व सात मीटर चौड़ी पुलिया का होगा निर्माण
-डायवर्ट होकर दूसरे रास्तों से निकाले जाएंगे भारी वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव (सफीपुर)। कस्बे को बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग को जोड़ने वाले मार्ग पर शारदा नहर पर बनी पुरानी पीखी मार्ग संकरी पुलिया के पास नई पुलिया का निर्माण शुरू हो गया है। लोगों को जल्द ही आवागमन में सहूलियत मिलेगी। पुलिया निर्माण के दौरान यातायात को डायवर्ट करके दूसरे रास्तों से निकाला जा रहा है।
उन्नाव-हरदोई मार्ग से निकल कर खादिमअलीखेड़ा, पीखी, नैनीखेड़ा, ओसिया, रहीमाबाद, अटवा मोहाल, ओसिया, मुंडा, रैयामऊ व गुरधरी आदि गांव के लोगों के आवागमन के लिए पीखी गांव के पास शारदा नहर ब्रांच पर संकरी पुलिया बनी थी। यही रास्ता बांगरमऊ-लखनऊ को भी जोड़ता है।
यातायात अधिक होने से अक्सर संकरी पुलिया पर जाम लग जाता था। जिसके बाद अब सिंचाई विभाग ने पुरानी पुलिया के पास नई पुलिया का निर्माण शुरू कराया है। अवर अभियंता ज्ञानेंद्र अवस्थी ने बताया कि स्वीकृत राशि दो करोड़ से 40 मीटर लंबी व सात मीटर चौड़ी पुलिया का निर्माण कराया जाना है। निर्माण कार्य के दौरान छोटे वाहन पुरानी पुलिया से ही गुजरते रहेंगे। बड़े वाहन दो किलोमीटर दूर गांव अब्दुल्लापुर के नजदीक बनी पुलिया से होकर क़स्बा पहुचेंगे।
निर्माणाधीन दो पुलियों में स्लैब ढालने की तैयारी
-नहर में पानी आने के 20 दिसंबर से पहले काम पूरा करने का प्रयास तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
चकलवंशी। शारदा नहर मुख्य शाखा में मेथीटीकुर व मियागंज चौराहे के पास निर्माणाधीन पुलिया में स्लैब ढालने की तैयारी तेज कर दी गई। संकरी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद 12 मीटर चौड़ी नवीन पुलिया का निर्माण शुरू कराया गया।
अवर अभियंता आनंद जायसवाल ने बताया कि नवीन पुलिया की दीवारें बन गई हैं। स्लैब ढालने के लिए शटरिंग का काम चल रहा है। दो दिन में शटरिंग तैयार होने के एक सप्ताह में स्लैब डाल दी जाएगी। नहर विभाग ने 15 से 20 दिसंबर के बीच पानी छोड़े जाने की बात कही है। वहीं आसीवन ब्रांच में मियागंज चौराहे के पास पुलिया का निर्माण चल रहा है।
चार मीटर ऊंचाई की दीवार होने के कारण कुछ असुविधा हो रही है। नहर में पानी आने से पहले दोनों पुलिया में स्लैब डाल दी जाएगी। वहीं किसानों में किशन, नन्हके, रामदीन, रामप्रसाद, कल्लू आदि ने बताया कि समय से नहर का पानी नहीं मिला तो पंपिंग सेट से सिंचाई करानी पड़ेगी। अवर अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि 20 दिसंबर तक नहर में पानी आने की संभावना है।