उन्नाव। ओलावृष्टि और बारिश के बाद बुधवार को भी अचानक मौसम ने पलटी खाई। दिन में तो तेज धूप रही लेकिन शाम ढलते-ढलते तेज बर्फीली हवाओं ने ठंड में इजाफा कर दिया। ठंड जाने की आस में शरीर से कम कर चुके गर्म कपड़ों को लोग दुबारा पहनने को मजबूर हुए।
बुधवार भोरपहर तो आसमान साफ था लेकिन 10 बजे अचानक बादल छाने लगे। बादलों की आवाजाही से तेज धूप न निकल सकी। दोपहर 12 बजे के बाद आसमान साफ हुआ तो तेज धूप निकली। तेज धूप का आलम यह रहा कि लोग कुछ ही देर में छांव का स्थान ढूढ़ने लगे। शाम 4 बजे के बाद अचानक मौसम फिर पलट गया।
तेज बर्फीली हवाएं चलने लगीं। इसके साथ ही आसमान पूरी तरह से बादलों से पट गया। बर्फीली हवाओं ने ठंड में इजाफा कर दिया। इससे वापस जा रही सर्दी ने फिर पलटवार कर दिया। लोग घरों में ही आग के आसपास बैठकर खुद को गर्म करने का प्रयास करते रहे।