सीसीटीवी कैमरे में पर्स लेकर युवक के कमरे से बाहर निकलने की दर्ज हुई गतिविधि।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिला महिला अस्पताल के प्रसवोत्तर केंद्र में मूक बधिर बनकर मदद मांगने पहुंचे दो युवकों ने सीएमएस का बैग चोरी कर लिया। चोरी की घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सीएमएस ने अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम को आपबीती बताई। डीएम ने सदर कोतवाली प्रभारी को मामले की जांच करने व आरोपी युवकों को पकड़ने के निर्देश दिए।
जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अंजू दुबे बुधवार दोपहर ऑपरेशन के लिए प्रसवोत्तर केंद्र गई हुई थी। जहां दो युवक खुद को मूक बधिर बताकर सीएमएस के कक्ष में पहुंच गए। यहां उन्होंने सीएमएस से मदद मांगी। इस बीच सीएमएस ने अपने कक्ष में बैग रख दिया व युवकों को कुछ देर बाद आने की बात कही। युवकों के कमरे से बाहर निकलते ही सीएमएस एक मरीज का आपरेशन करने के लिए चली गई।
वह जब कमरे में लौटी तो उन्हें अपना बैग गायब मिला। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से पूछा लेकिन वह कोई जवाब नहीं दे सके। ऐसे में उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी। जिसमें खुद को मूक बधिर बताने वाले युवक बैग ले जाते दिखाई दिए। सीएमएस डा. अंजू दुबे ने घटना की तहरीर अस्पताल चौकी इंचार्ज को दी है। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय को भी पूरी घटना की जानकारी दी। सीएमएस ने बताया कि पर्स में दो हजार रुपये, मोबाइल, एटीएम कार्ड व जरूरी दस्तावेज थे।