औरास। कुपोषित बच्चों को कुपोषण मुक्त कराने के लिए गोद लिये गांवों का सीएमओ ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें नौ बच्चे कुपोषित मिले। उन्होंने बच्चों को जिला अस्पताल के कुपोषण केंद्र में लाकर भर्ती कराने की सलाह दी।
कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिए सीएमओ ने विकासखंड के गांव चिटकोहरा मजरा पुरथ्यावां व अलीपुर मिचलौला को गोद लिया है। इन गांवाें में कुपोषण हाल जानने के लिए सीएमओ ने शाम को दोनों गांवाें का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें अलीपुर मिचलौला में तीन व पुरथ्यावां में छह बच्चे कपोषित मिले।
यहां उन्होंने उनके परिजनों से बात की। उन्होंने बताया कि कुपोषण से बचाने के लिए जिला अस्पताल में पोषण पुनर्वास केंद्र बना हुआ है। इसमें कुपोषित बच्चों को ही रखा जाता है। इसलिए जो बच्चे कुपोषित पाए गए हैं उन मां बेटों को पंद्रह दिन के लिए जिला अस्पताल में भर्ती होना होगा। यहीं उनका इलाज चलेगा। इस दौरान एडिशनल सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रेमचंद्र, लालबहादुर यादव, जयराम तिवारी, सुबोध त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।