समाजवादी विकास रथयात्रा की वापसी के दौरान मियागंज के रघुवरखेड़ा के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लोहिया आवास सूची में नाम न होने व गांव में जलापूर्ति की शिकायत की थी। सीएम के जाने के 24 घंटे के अंदर ही शुक्रवार को अधिकारियों का जत्था गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और तत्काल काम भी शुरू करा दिया। इतना ही नहीं जाते-जाते सीएम ने शहर में कई काम पूरे कर दो हफ्ते में रिपोर्ट करने को कहा है।
मालूम हो कि गुरुवार को समाजवादी यात्रा के समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री मियागंज मार्ग से वापस लखनऊ जा रहे थे। इस दौरान विकासखंड के रघुवरखेड़ा गांव के ग्रामीणों के हाथ हिलाने पर सीएम अखिलेश यादव वहां पर रुके थे और अपनी गाड़ी से उतरकर उनकी समस्याएं सुनी थीं। इस दौरान गांव के जगन्नाथ ने हैंडपंप और लाल ने लोहिया आवास की मांग की थी। सीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण के आदेश जिला प्रशासन को दिए थे। इसके तहत शुक्रवार को परियोजना निदेशक डीआरडीए रामकृपाल चौधरी और जल निगम एक्सईएन गांव पहुंचे। दोनों अधिकारयों ने गांव का भ्रमण किया और वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इसके बाद जगन्नाथ व लाल के घर के सामने हैंडपंप लगाने का काम शुरू कर दिया गया। वहीं लोहिया आवास के लिए बीडीओ को स्वयं घर-घर जाकर सत्यापन करने के आदेश जारी किए गए।
शहर इलाकों में यह काम होने हैं
विकास यात्रा लेकर उन्नाव आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कई घोषणाएं की है। इसमें शहर के दही चौकी पावर हाउस से अगिभनशमन प्रशिक्षण केंद्र दोस्तीनगर तक बाईपास मार्ग का निर्माण, सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिन गांवों व मजरों का विद्युतीकरण नहीं हो सका है, उन सभी का विद्युतीकरण, कानपुर-लखनऊ मार्ग पर स्थित नहर पटरी खजान सिंह मार्ग का नवीनीकरण व सुंदरीकरण, रऊ से बंदाखेड़ा तक के मार्ग का नवीनीकरण एवं मरम्मत कार्य, श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम धोबिनपुलिया आजाद नगर का जीर्णोद्धार , सदर विधानसभा में स्थित अनुसूचित जाति/जनजाति छात्रावास का जीर्णोद्धार, ग्राम बदरका में स्थापित आजाद स्मारक व बाउंड्रीवाल का नवनिर्माण और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की स्मृति में ग्राम बदरका में राजकीय इंटर कालेज की स्थापना शामिल है।