उन्नाव। लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह के छह बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस भंडाफोड़ किया है। इनमें दो इनामी भी हैं। इनके पास से चोरी की एक बंदूक, रिवाल्वर, करीब पांच लाख कीमत के जेवर, एक कार और लोडर बरामद किया है। एक इनामी लुटेरा और उसके दो साथी अभी फरार हैं। यह गिरोह आसपास के जिलों में घूम-घूमकर चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहा था। पकड़े गए लुटेरे फतेहपुर और कानपुर के रहने वाले हैं।
एसपी पवन कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाश उन्नाव और कानपुर की लूट और डकैती की चार बड़ी वारदातों में वांछित थे। इनमें दिसंबर 2014 में मोहल्ला कब्बाखेड़ा में अजय अवस्थी के घर पड़ी डकैती, 14 जून को सोहरामऊ में फौजी के घर हुई चोरी, कानपुर बिधनू के गुर्जनपुर में अप्रैल 2015 में दो सगे भाइयों राजेश सिंह और गिरेंद्र सिंह के घर हुई डकैती में वांछित हैं।
पुलिस ने पिंकू नट व उसके बड़े भाई कयूम निवासी फतेहपुर जहानाबाद मियांटोला, कानपुर के निबियाखेड़ा सजेती निवासी बब्लू नफीसुल, कानपुर के घाटमपुर भदेउना निवासी नसीम उर्फ कोहरू, घाटमपुर के सिंखवाड़ा निवासी रजोल और शिवगंज चौराई बिधनू कानपुर के शादाब उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है।
एसपी ने बताया कि पिंकू नट और उसका भाई कयूम पांच-पांच हजार के इनामी हैं, जबकि फतेहपुर के जहानाबाद निवासी इनामी बदमाश मोबीन और उसके दो साथी भाग निकले। लुटेरों के पास से पुलिस ने 14 जून को सोहरामऊ थाना व कसबा निवासी फौजी गिरिवर सिंह के घर हुई चोरी के साथ ही चुराई गई डबल बैरल बंदूक और 27 अप्रैल को गुर्जनपुर में राकेश के घर से चोरी किया गया रिवाल्वर बरामद किया है।
इसके अलावा करीब पांच लाख के जेवर, चोरी की बाइक, इंडिका कार, एक टाटा मैजिक लोडर बरामद किया है।