बाबूगंज में क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत के लिए खुदाई करते जलनिगम कर्मी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। बाबूगंज और कृष्णानगर में अभी दो दिन और पानी का संकट रहेगा। जल निगम की मनमानी से दस दिनों से ठप जलापूर्ति सुचारू करने के लिए मंगलवार को जल निगम हरकत में आया। क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत शुरू कराई। हालांकि मरम्मत पूरी होने में अभी दो दिन का वक्त लगेगा।
अमृत योजना के तहत जल निगम शहर में भूमिगत पाइप लाइनें बिछाई जा रही है। नगर पालिका को सूचना दिए बगैर ड्रिलिंग करने से नगर पालिका जलकल विभाग की पहले से पड़ी भूमिगत पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। दस दिन पहले बाबूगंज में भूमिगत पाइप लाइन के लिए ड्रिलिंग के दौरान पांच सौ मीटर के दायरे में पहले से पड़ी सीमेंट पाइप लाइन आठ जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे जल बहाव हो शुरू हो गया। लगातार पानी बहते रहने से नगर पालिका ने बाबूगंज और कृष्णानगर की जलापूर्ति बंद कर दी थी। मंगलवार को पाइप लाइन की मरम्मत कराने के लिए पहले दिन कुछ हिस्से में सिर्फ खुदाई ही हो पाई। काम करा रहे प्रोजेक्ट मैनेजर आदिल ने बताया कि दो दिन में जलापूर्ति सुचारु हो जाएगी। सभासद राजेश कुमार ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से नगर पालिका टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति कर रही है। हालांकि इसके बाद भी लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।