विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में डीएम रवींद्र कुमार को समस्याएं बताते व्यापारी। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। विकास भवन में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने सुरक्षा और बाजार में पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा उठाया। जीएसटी विभाग द्वारा सर्च अभियान के दौरान ई वे बिल मांगने पर भी सवाल उठाए।
डीएम रवींद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई में बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सभी को शस्त्र लाइसेंस जारी करने की बात कही। शहर मुख्यालय की बाजारों में कहीं भी पार्किंग व्यवस्था नहीं है। ग्राहक दुकानों के बाहर वाहन पार्किंग करते हैं। इस दौरान उनके वाहनों के चालान हो जाते हैं। जिलाध्यक्ष ने ट्रैफिक उत्पीड़न से लेकर माल ढोने वाले वाहनों से अवैध वसूली एवं सड़कों पर जलभराव की समस्या भी उठाई। पुराने अस्पताल में बने वेंडिंग जोन में पानी भरने और सड़क खराब होने की बात कही। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को लोन भी नहीं मिल रहा है। उन्होंने मंदिर, मस्जिद और प्रतिष्ठानों के बगल में शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
बैठक में डीएम ने शनिवार व रविवार को अभियान चलाकर सफाई कराने की जानकारी दी। परियोजना अधिकारी डूडा को कैंप लगवाकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का आदेश दिया। इस दौरान एसपी आनंद कुलकर्णी, सीडीओ दिव्यांशु पटेल, व्यापार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह सोनू, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष जीएन मिश्रा, अजीत, सुनील गुप्ता, सुमित गुप्ता मौजूद रहे।