नसिरापुर गांव स्थित कोटे से ग्रामीणों को दिया जाता भीगा गेहूं। संवाद
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद। नसिरापुर गांव में राशन की दुकान पर भीगा गेहूं देने पर कार्डधारकों ने हंगामा किया। कोटेदार ने ग्रामीणों को एक के बाद एक पांच बोरियां खोलकर दिखाईं। सभी में भीगा गेहूं होने पर कार्डधारक शांत हो गए और वही गेहूं लेकर चले गए। इस दौरान आधे घंटे तक राशन वितरण प्रभावित रहा।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत नसिरापुर गांव में बुधवार को राशन कार्डधारकों को अनाज वितरण होना था। नसिरापुर और हैबतपुर के ग्रामीण अनाज लेने के लिए सुबह राशन की दुकान पर पहुंच गए थे। कोटेदार डोरीलाल ने गेहूं की पहली बोरी खोली तो उसमें भीगा गेहूं निकलने लगा। इससे लोगों ने राशन लेने से इंकार कर दिया और हंगामा करने लगे। ग्रामीणों को आक्रोशित देख कोटेदार ने लगातार चार से पांच बोरियां खोल डालीं। सभी में गेहूं का कुछ न कुछ हिस्सा भीगा निकला। कोटेदार ने ग्रामीणों से कहा कि जैसा गेहूं मिला है उसी का वितरण किया जा रहा है। इसके बाद कार्डधारक खाद्यान्न लेकर लौट गए।