उन्नाव। डेढ़ सौ श्रमिकों को सुरक्षित बैठाने के लिए नीलांचल एक्सप्रेस को दो मिनट ज्यादा रोका गया। आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए श्रमिकों को ट्रेन में सवार कराया।
शुक्रवार को नीलांचल एक्सप्रेस से सफर करने के लिए बीघापुर तहसील क्षेत्र स्थित भट्ठे पर काम करते रहे डेढ़ सौ श्रमिकों का समूह रेलवे स्टेशन पहुंचा। भीड़ देख जीआरपी थाना प्रभारी अविनाश कुमार व आरपीएफ इंस्पेक्टर केके तिवारी ने स्टाफ के माध्यम से सभी को टिकट के आधार पर कोच के संभावित स्थान पर खड़ा कराया। ट्रेन पहुंचने पर श्रमिकों को बिना धक्का-मुक्की किए कोच में अंदर जाने की हिदायत देकर बैठाना शुरू किया। स्टेशन पर नीलांचल एक्सप्रेस का केवल दो मिनट ठहराव है।
सुरक्षा बल के मेमो पर स्टेशन मास्टर कार्यालय ने ट्रेन को दो मिनट और रोकते हुए सभी यात्रियों के सुरक्षित सवार हो जाने के बाद गाड़ी आगे बढ़ाने के आदेश जारी कराए। इससे ट्रेन दो मिनट के बजाय चार मिनट रुकी। सभी श्रमिक यात्रियों के ट्रेन के भीतर पहुंचने पर रवाना किया गया। ईंट भट्ठा निर्माता संघ के जिलाध्यक्ष रवि सहाय मिश्र ने बताया कि मुख्य रूप से श्रमिक बिहार व छत्तीसगढ़ राज्यों से आते हैं।