उन्नाव। पिछले चार-पांच माह का पारिश्रमिक न मिलने से नाराज आउटसोर्सिंग कर्मचारी अलविदा की नमाज के दिन सुबह सात बजे कामकाज ठप कर पालिका गेट पर धरने पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। सफाई न होने का विरोध करते हुए सभासदों ने अधिशासी अधिकारी पर सफाई शुरू कराने दबाव बनाया। अधिशासी अधिकारी ने एक सप्ताह में सभी को कम से कम 3-3 माह का वेतन दिलाने का भरोसा देते हुए सफाई कराई।
गुरुवार को इन कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट पहुंच कर अपनी समस्या बताई थी, लेकिन समाधान नहीं निकला। शुक्रवार को सुबह सात बजे से ही आउससोर्सिंग कर्मचारियों ने पालिका गेट पर धरने पर बैठते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगातार दूसरे दिन सफाई न होने पर सभासदों ने हवलदारों को फोन कर अलविदा की नमाज के दिन भी काम न शुरू होने के संबंध में पूछताछ की। इस पर उन्हें आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के हड़ताल पर होने की जानकारी मिली। सभासदों ने अधिशासी अधिकारी पर सफाई शुरू कराने का दबाव बनाना शुरू किया। अधिशासी अधिकारी ने पालिका पहुंच कर कर्मचारियों को समझाते हुए कोविड की वजह से समय पर बजट न मिलने से पारिश्रमिक के भुगतान में विलंब होने की बात बताई। कहा कि बजट आने पर भुगतान की प्रक्रिया चालू है। बिल पास किए जा चुके हैं। शनिवार व रविवार को बैंक बंद रहने से सोमवार तक ठेकेदार को चेक जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद ठेेकेदार चेक की धनराशि खाते में लेकर भुगतान करना शुरू करेगा। अधिशासी अधिकारी ने एक सप्ताह में सभी को बकाया कम से कम 3-3 माह का भुगतान दिलाने की बात कही। इस पर हड़ताली सफाई कर्मचारी काम करने पर राजी हो गए। धरने पर बैठने वालों में पप्पू, राजेश, राजा, अमरनाथ, अजयपाल, मनीष, मुन्ना, राजू, उमेश, शंकर, राहुल व मनीष भारती शामिल थे।