उन्नाव। शिव शोभायात्रा के दौरान दो बिजलीघर सात घंटे तक बंद रहे। इससे आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली न आने से परेशान लोग विभागीय अधिकारियों को फोन करते रहे।
शहर में परंपरागत शिव बरात को लेकर बिजली विभाग ने पहले से ही तैयारी कर ली थी। दोपहर एक बजे से आईबीपी चौराहे से शोभायात्रा निकलनी थी, लेकिन विभाग ने दोपहर 12 बजे से ही आपूर्ति बंद कर दी। इस दौरान इब्राहिमाबाग व सिटी पावर हाउस से जुड़े मोहल्लों कंजी, तालिबसराय, छोटा व बड़ा चौराहा, स्टेशन रोड, मोतीनगर, कृष्णानगर, बाबूगंज की बिजली गुल रही। घंटों बिजली न आने से लोगों के इन्वर्टर तब जवाब दे गए। बिजली न आने से लोग परेशान रहे। कुछ लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन किया लेकिन किसी ने भी सही जानकारी नहीं दी। एसडीओ टाउन विशाल वर्मा ने बताया कि शिवरात्रि पर निकली शोभायात्रा के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो इसके लिए एहतियात के तौर पर पहले ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।