उन्नाव। हेलो, हसनगंज एसडीएम से बात हो रही है, मैं उन्नाव डीएम मुस्कान बोल रही हूं। कलक्ट्रेट के लैंडलाइन फोन से आई कॉल पर यह नाम सुनते ही एसडीएम प्रदीप वर्मा चौंके। तभी मुस्कान ने कहा कि आपके यहां महतवानी गांव से सुखबीर, बेचेलाल, हरिपाल, प्रमोद, श्रीराम सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे हैं। कह रहे हैं अवैध कब्जे में एक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि की प्रमुख भूमिका है। पुलिस सुन नहीं रही है। क्या मामला है। मुस्कान की बात समाप्त होते ही तुरंत डीएम रवींद्र कुमार ने फोन लिया और एसडीएम को बताया कि मुस्कान एक घंटे की सांकेतिक डीएम हैं।
एसडीएम ने मामला समझते हुए मुस्कान को बताया कि शिकायतकर्ता खुद ही जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी कारण शिकायतीपत्र दे रहे हैं। इसके जवाब में मुस्कान ने कहा कि मौके पर टीम भेजकर जांच कराएं और न्यायसंगत कार्रवाई करें। हड़हा निवासी धर्मेंद्र कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मियागंज में कार्यरत पत्नी सरिता गौतम का ट्रांसफर सरोसी के बा स्कूल में कराने का प्रार्थनापत्र लेकर पहुंचे। मुस्कान ने बीएसए को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। मुस्कान बेनहर इंटर कालेज की 11वीं की छात्रा है।
पूरननगर स्थित एसवीएम कालेज की 11वीं की छात्रा अंकिता यादव को एक घंटे के लिए सीडीओ बनाया गया। मुख्य विकास अधिकारी की कुर्सी पर बैठते ही उनके सामने बेथर का रहमान अपनी पत्नी के साथ पक्के आवास के लिए प्रार्थनापत्र लेकर पहुंचा। अंकिता ने बीडीओ चंद्रशेखर को फोन किया। इससे पहले सीडीओ ने बीडीओ को अंकिता के बारे में जानकारी दी। अंकिता ने कहा कि अगर वह पात्र है तो उसे आवास दिया जाए। हिलौली के राजन दीक्षित ने तालाब सौंदर्यीकरण व रास्ता बनवाने की मांग की। बीडीओ हिलौली को फोन पर आवश्यक कार्रवाई को कहा।
यह छात्राएं भी बनी अधिकारी
अंजली गौतम को जिला विकास अधिकारी, सम्भावी श्रीवास्तव को जिला पंचायतराज अधिकारी, स्नेहा को उपायुक्त (मनरेगा), हर्षा फुलवानी को अर्थ एवं संख्याधिकारी, वैभवी पांडेय को जिला कृषि अधिकारी, दीक्षा शर्मा को परियोजनाधिकारी डूडा, हिमांशी को जिला समाज कल्याण अधिकारी व मुनजा खान को जिला प्रोबेशन अधिकारी बनाया गया।
मुस्कान व अंकिता का सपना आईएएस
आवास विकास निवासी मुस्कान शर्मा ने हाईस्कूल की परीक्षा 2020 में 92.16 फीसदी अंक लाकर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया था। वह बेनहर इंटर कॉलेज की छात्रा थी। पिता व्यवसायी और मां लक्ष्मी शर्मा गृहणी हैं। उनका सपना आईएएस बनने का है। पूरननगर निवासी अंकिता यादव ने 91.50 प्रतिशत अंक पाकर हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में पांचवां (लड़कियों में तीसरा) स्थान हासिल किया था। पिता अनिल यादव प्राइवेट जॉब और माता अनीता गृहणी हैं। अंकिता ने बताया कि उसका सपना कलक्टर (आईएएस) बनने का है।
अपर्णा ने बुजुर्ग की पीड़ा सुनी
बीघापुर। शास्त्रीनगर की रहने वाली हरिवंशराय विद्यालय से डिप्लोमा इन फार्मेसी व बीएससी की छात्रा अपर्णा बाजपेई ने एक दिन के लिए सीओ बीघापुर का कार्यभार संभाला। ओसिया की पार्वती देवी ने प्रार्थनापत्र देकर कहा कि उनकी बहू निर्मला उन्हें आए दिन परेशान कर रही हैं और घर पर रहने नहीं दे रही है। अपर्णा ने प्रभारी निरीक्षक बीघापुर सतीश कुमार गौतम को तत्काल बहू को बुलाकर मामला देखने को कहा। बीघापुर थाने के अभिलेखों को भी देखा।
मौके पर भेज हटवाया कब्जा
सफीपुर के मंगलबाजार निवासी वैष्णवी चौरसिया को सीओ बनाया गया। देवगांव निवासी वृद्धा जमुना ने देवर पर रास्ता बंद कर देने की शिकायत की। वैष्णवी ने कोतवाल हरिकेश राय को बुलाकर मौके पर जाकर निस्तारण के लिए कहा। वैष्णवी पुत्री रामबिलास चौरसिया ने बताया कि फिल्मों और नाटकों में पुलिस अधिकारियों की कार्य शैली देख पुलिस अधिकारी बनने का सपना है। इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्या रचना निगम व छात्रा की मां आशा देवी मौजूद रही।
आरक्षी की छुट्टी स्वीकृत की
बांगरमऊ में लवी रस्तोगी को सीओ बनाया गया। आरक्षी दीपिका सिंह ने पारिवारिक जरूरतों का हवाला देकर एक दिन की छुट्टी मांगी। लवी ने प्रार्थनापत्र लेकर अवकाश स्वीकृत किया। लवी ने कहा कि ड्यूटी के साथ ही पुलिस कर्मियों की व्यक्तिगत व पारिवारिक समस्याओं को समझकर निराकरण करना और आवश्यकता को देखते हुए अवकाश स्वीकृत करना चाहिए।
-
विकास भवन में 1 घंटे की सीडीओ बनी अंकिता को अपनी समस्या बताता फरियादी।- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ में 1 घंटे की सीओ बनी लवी रस्तोगी से अवकाश स्वीकृत कराती आरक्षी दीपिका सिंह।- फोटो : UNNAO
सफीपुर में रास्ते के विवाद का मामला सुनती 1 घंटे की सीओ बनी वैष्णवी।- फोटो : UNNAO
बीघापुर थाने में लोगों की की समस्या सुनती 1 घंटे की सीओ अर्पणा बाजपेई।- फोटो : UNNAO