उन्नाव। एक घरेलू बिजलवी कनेक्शनधारक किसान के पास 26 लाख का बिल पहुंच गया। यह देख उसके होश उड़ गए। अधिशासी अभियंता के मुताबिक सॉफ्टवेयर में तकनीकी खराबी से समस्या आई थी। इसका निस्तारण कर दिया गया है।
सिकंदरपुर सरोसी के बेहटा गांव के रहने वाले किसान रामू राठौर के घर 2 किलोवाट का घरेलू बिजली कनेक्शन है। रामू के यहां 4 दिसंबर को आए बिल में 26 लाख 31 हजार 972 रुपये का बकाया दिखाया गया। रामू का कहना है कि 26 लाख का बिल कैसे आ गया है, समझ नहीं आ रहा है। बिल सही कराने के लिए उसने विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगाए लेकिन केवल आश्वासन ही मिल रहा है। उसका बिल सही नहीं किया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता द्वितीय उपेंद्र तिवारी ने बताया कि साफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण 26 लाख का बिल दर्शा रहा है। कभी-कभी सॉफ्टवेयर में ऐसी दिक्कतें आती हैं। जैसे 8 हजार यूनिट के स्थान पर 80 हजार यूनिट से बिल जनरेट कर देता है। इससे बिल काफी बढ़ा हुआ दर्शाता है। किसान का बिल पुराना है। उसने काफी समय से बिल भी जमा नहीं किया है। हालांकि बिल सही करा दिया गया है। इस तरह के और भी बिलों को सही कराया जाएगा।