हसनगंज स्थित भिखारीखेड़ा गांव में मुहिम दहेज प्रथा का अंत कब के तहत हाथों में दिए लेकर संकल्प ले?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। सामाजिक संस्था नवयुग जनचेतना सेवा संस्थान की ओर से चलाई गई मुहिम दहेज प्रथा का अंत कब का सभी ने दीप जलाकर समर्थन किया।
संस्था के संस्थापक व अध्यक्ष पुत्तनलाल पाल ने हसनगंज ब्लॉक स्थिति अपने पैतृक गांव भिखारी खेड़ा में ग्रामीणों के साथ इस मुहिम पर चर्चा की। हाथों में दीपक लिए ग्रामीणों ने यह संकल्प लिया कि हम सभी लोग अपने लड़कों की शादियों में दहेज की मांग नहीं करेंगे और अपनी बेटियों की शादी में स्वेच्छा से उपहार देंगे।
दहेज मांगने वालों के यहां शादी नहीं करेंगे। संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी को दीपक में तेल और बाती से सीख लेनी चाहिए। जैसे वह जलकर अपने आसपास रोशनी देता है। वैसे ही हम सभी को असहाय कमजोर लोगों की मदद करने के साथ समाज में व्याप्त कुरीतियों को मिटाने में सहयोग करना चाहिए। इस दौरान अंगनू, मुरली, रघुबीर, सूरज, निर्मला, भगाना, सुखराना, सुखदेई, पप्पी, तारावती, रमकाला, गोमती, अंकित, सचिन, सजल, श्रेयश सहित सैकड़ों ग्रामीण कार्यक्रम का हिस्सा बनें। (संवाद)