नवाबगंज/औरास। जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं हुईं। दोनों स्थानों पर रसोई गैस सिलिंडर फट गए। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। अजगैन कोतवाली क्षेत्र में आग लगने पर जान बचाने के लिए गृहस्वामी छत से कूद गया। उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कुसुंभी गांव में चंद्रभान के घर में रखे रखे सिलिंडर में रविवार रात गैस रिसाव होने लगा। पास में ही दीपक जलने से आग लग गई। ऊपरी मंजिल पर कमरे में सो रहे चंद्रभान की नींद खुली तो आग की लपटों से खुद को घिरा देख घबरा गया। खुद को बचाने के लिए वह छत से नीचे कूद गया, जिससे उसका दाहिना पैर टूट गया। पीड़ित के अनुसार आग से करीब डेढ़ लाख रुपये, जेवर व गृहस्थी का सामान जल गया। गृहस्वामी के मुताबिक उसने डायल-112 पर फोन किया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। क्षेत्रीय लेखपाल अवनीश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।
औरास थानाक्षेत्र के गोड़वा गांव में शनिवार देर शाम अनिल द्विवेदी के घर में बने छप्पर में आग लग गई। आग से घर में रखा गैस सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गया, इससे आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने पंपसेट की मदद से आग पर काबू पाया। पीड़ित ने करीब दो लाख रुपये के नुकसान की सूचना पुलिस को दी है। औरास थानाध्यक्ष राजबहादुर ने बताया तहरीर के आधार सूचना दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।