पुरवा। नगर पंचायत की ओर से कस्बे के एकमात्र चिल्ड्रेन पार्क का सुंदरीकरण कराया जाएगा। पार्क का करीब दो लाख रुपये से सुंदरीकरण होगा। यहां बच्चों के लिए झूले और युवाओं व बुजुर्गों के टहलने के लिए ट्रैक आदि का निर्माण कराया जाएगा।
नगर पंचायत पुरवा की आबादी करीब 27 हजार है। कस्बे में मात्र एक चिल्ड्रेन नाम से पार्क बना हुआ है। करीब 10 साल पहले यहां पर बच्चों के लिए झूला आदि लगाए गए थे। हालांकि समय के साथ देखरेख के अभाव में झूले क्षतिग्रस्त हो गए। वर्तमान समय में पार्क बदहाली की हालत में पहुंच गया है। अब नगर पंचायत प्रशासन ने पार्क को संवारने की सुध ली है।
नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू गुप्ता ने बताया कि पार्क के सुंदरीकरण की योजना तैयार की गई है। इसमें करीब दो लाख रुपये की लागत से बच्चों के लिए झूला, उतरने, चढ़ने व फिसलने के लिए स्लाइड बनवाई जाएगी। रनिंग ट्रैक सहित अन्य उपकरण भी लगाए जाएंगे। जनवरी महीने में ही सुंदरीकरण का काम शुरू करा दिया जाएगा।