पुरवा। कोतवाली क्षेत्र में चार दिन पहले हुई मारपीट में घायल बच्चे की लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता ने पड़ोसी गांव के दो युवकों को नामजद कर पुलिस को तहरीर दी है।
ग्राम सैदपुर निवासी प्रकाश का आरोप है कि में 26 फरवरी की शाम उसका 11 वर्षीय पुत्र नितिन साइकिल से खेत जाने के लिए निकला। रास्ते में गंदा नाला के निकट निहालखेड़ा व ब्रह्मीखेड़ा के बीच पड़ोस के गांव निवासी एक व्यक्ति की साइकिल से उसकी टक्कर हो गई।
इस पर उसने अपने साथी के साथ मिलकर नितिन को जमकर पीटा। किसी तरह घर पहुंचे नितिन ने घर आकर आपबीती सुनाई। उसकी मां आरोपियों के घर जाकर उलाहना देकर लौट आई। देर शाम बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे पुरवा के निजी अस्पताल में दिखाया। हालत में सुधार न होने पर लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सोमवार देर रात इलाज के दौरान नितिन की मौत हो गयी। मंगलवार रात नितिन का शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। मां श्यामा, भाई सचिन, बहन रामा का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ रमेश चंद्र प्रलयंकर ने बताया कि अभी तक उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं हुई है। कोतवाल अजय त्रिपाठी से जानकारी लेकर कार्रवाई कराई जाएगी।