फोटो-10-हर्षित फाइल फोटो। स्त्रोत परिजन
फतेहपुर चौरासी (उन्नाव)। कानपुर के शिवराजपुर में गंगा स्नान के दौरान चेयरमैन पुत्र और उसका दोस्त गहरे पानी में जाने से डूब गए। गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकालकर वहीं सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने चेयरमैन पुत्र को मृत घोषित कर दिया। दोस्त का निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है। चेयरमैन का छोटा बेटा गहरे पानी में न जाने से बाल-बाल बच गया।
फतेहपुर चौरासी के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी नगर पंचायत चेयरमैन मिथलेश जायसवाल का बेटा हर्षित (19) मंगलवार सुबह 11 बजे अपने छोटे भाई मयंक (17) और गांधीनगर मोहल्ला के दोस्त राघव (20) पुत्र पंकज दीक्षित के साथ बाइक से कानपुर नगर के खेरेश्वर सरैयाघाट गंगा स्नान करने गया था। दोपहर करीब एक बजे स्नान के दौरान हर्षित और राघव गहरे पानी में जाने से डूबने लगे। दोनों को डूबता देख मयंक चिल्लाया तो वहां मौजूद गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला और शिवराजपुर सीएचसी ले गए।
डॉक्टर ने हर्षित को मृत घोषित कर दिया, वहीं राघव को गंभीर हालत में हैलट रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर मिलते ही कोहराम मच गया। परिजन सीएचसी पहुंच गए। उन्होंने राघव को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। छोटे भाई मयंक ने बताया कि हर्षित बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां सुनीता, बहन हर्षिता व अन्य परिजन बेहाल हैं। चेयरमैन का बेटा होने से आसपास क्षेत्र में जिसे भी घटना का पता चला, वह ढांढस बंधाने पहुंच गया।
फोटो-10-हर्षित फाइल फोटो। स्त्रोत परिजन