चकलवंशी (उन्नाव)। सोनिक से चकलवंशी के बीच आई 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन का आधा पोल रविवार रात आठ बजे टूटकर खेत में गिर गया। इससे जुड़े 10 उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर रात में ही इंजीनियर पहुंचे, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बांगरमऊ से रात दो बजे के करीब आपूर्ति चालू कराई। फिर सोमवार सुबह पहुंचकर पोल की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। इस दौरान करीब सौ गांवों की दो लाख की आबादी प्रभावित हुई।
सोनिक ट्रांसमिशन से चकलवंशी क्षेत्र के बीच 132 केवी लाइन बिछी है। रविवार रात पन्नाखेड़ा गांव के पास चकलवंशी-सोनिक ट्रांसमिशन लाइन के एक पोल से कंडक्टर टूट गया। इससे तार खिंचाव से तेज धमाका हुआ और आगे वाला पोल बीच से ही टूटकर खेत में गिर गया। इससे 33/11 केवी के ऐराभदियार, मियागंज, सफीपुर ग्रामीण, सफीपुर टाउन, पीटीसी फतेहपुर चौरासी, ट्रांसगंगा सिटी, औरास, हसनगंज ग्रामीण, हसनगंज टाउन व मोहान उपकेंद्र बंद हो गए।
इनसे संपर्कित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसकी जानकारी होने पर रात में ही ट्रांसमिशन के इंजीनियर मौके पर पहुंचे और जांच की। पोल की तुरंत मरम्मत न हो पाने पर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद क्षेत्रों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति देने की कवायद शुरू हुई। रात करीब दो बजे बांगरमऊ से जोड़कर बिजली चालू की गई। हालांकि रोस्टरवार क्षेत्रों को आपूर्ति देने से निर्बाध बिजली न मिल पाने से लोग बेहाल रहे।
इंसेट-1
दिन में पहुंचे अधीक्षण अभियंता व एक्सईएन, पोल की शुरू कराई मरम्मत
ट्रांसमिशन के अधीक्षण अभियंता राजकुमार व एक्सईएन अनूप कुमार सोमवार सुबह एसडीओ शिवम नायक के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोल की जांच की। इसके बाद उसे ठीक कराने का काम शुरू कराया। उन्होंने बताया कि बांगरमऊ से लाइन जोड़कर वैकल्पिक आपूर्ति की जा रही है। पोल ठीक कराने का काम शुरू करा दिया गया है। इसमें लगभग 48 घंटे का समय लग सकता है। इस दौरान रोस्टर के अनुसार क्षेत्रों को बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है। पोल सही होने के बाद ही मुख्य लाइन से निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी।
इंसेट-2
एक सैकड़ा गांवों व कस्बों की प्रभावित रही आपूर्ति
पोल टूटने से ऐरा भदियार, चकलवंशी, बंदाखेड़ा, भदेवना, फिरोजपुर कला, कोरारी कला, माखी, बिरसिंहपुर, रसूलाबाद, अजमत नगर, नरुल्लानगर, हैदराबाद, फतेहपुर चौरासी, मियागंज, सफीपुर सहित एक सैकड़ा गांव प्रभावित हुए। करीब दो लाख की आबादी को बिजली संकट झेलना पड़ा। उधर, गनीमत रही कि पोल रात में गिरा। दिन में गिरता तो यहां पर काम करने वाले लोगों की जान पर बन आती।
मरम्मत कार्य के चलते आज तीन घंटे का रहेगा शटडाउन
उन्नाव। ट्रांसमिशन एक्सईएन अनूप कुमार ने बताया कि 132 केवी उपकेंद्र बीघापुर पर 33 केवी मेन बस का अनुरक्षण कराए जाने के लिए मंगलवार को दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक शटडाउन होना प्रस्तावित है। इस अवधि में बीघापुर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। (संवाद)