उन्नाव। राज्य पोषण मिशन की बैठक में सीडीओ ने जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह खुद के गोद लिए गांवों का दौरा करें। कुपोषित बच्चों के घरों में जाकर देखें। आंगनबाड़ी केंद्रों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। टीकाकरण के दिन हीमोग्लोबिन की जांच भी कराई जाए।
सीडीओ ने कहा कि अधिकारी कुपोषित बच्चों के साथ फोटो खिंचवाएं। ऐसे बच्चों के घर भी जाएं। वहां पर देखे कि आखिर कुपोषण फैलने का कारण क्या है। घर की स्थिति ठीक है या नहीं। साफ-सफाई हो रही है या गंदगी फैली हुई है। निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई कराई जाए।
सीडीओ ने कहा कि अधिकारी हो सके तो टीकाकरण के दिन बुधवार व शनिवार को गांव जाएं। निर्देश दिए कि टीकाकरण के दिन सेंटर पर हीमोग्लोबिन की जांच कराई जाए। सीएमओ से कहा कि जहां भी हीमोग्लोबिन की जांच मशीन नहीं है वहां पर उसकी खरीदारी करा दें।
सीएमओ डॉ. गीता यादव ने आयरन व कैल्शियम की गोलियों की पर्याप्त उपलब्धता होने की जानकारी दी। बैठक में जिलास्तरीय अधिकारियों को ग्रोथ चार्ट भरने की भी जानकारी दी गई। इस दौरान डीडीओ एनबी सविता, पीडी डीआरडीए रामकृपाल चौधरी, सहायक निबंधक सहकारिता आरएस सेंगर, वत्सला संस्था की डॉ. नीलम, जिला कार्यक्रम अधिकारी शीरी मसूद समेत अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।