विधायक कुलदीप सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली किशोरी के मामले में सीबीआई की जांच जारी है। सोमवार को सीबीआई की टीम एक बार फिर सीएमओ कार्यालय पहुंची। टीम ने यहां दुष्कर्म के मामले में किशोरी का मेडिकल व उम्र परीक्षण संबधित रिपोर्ट हासिल की। इसके अलावा टीम ने मेडिकल परीक्षण करने वाले डाक्टर का ब्योरा व उम्र परीक्षण के तरीकों की भी जानकारी जुटाई।
विधायक कुलदीप सिंह प्रकरण में सीबीआई की टीम ने जांच आगे बढ़ाते हुए अब अपनी नजरें स्वास्थ्य विभाग पर केंद्रित कर दी हैं। सीबीआई की टीम ने अब तक की गई जांच में सबसे पहले किशोरी के पिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जिला अस्पताल में पिता को दिए गए उपचार व मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट हासिल की थी। सोमवार दोपहर सीबीआई की एक टीम सीएमओ कार्यालय पहुंची।
टीम ने यहां दुष्कर्म के आरोप में जून 2017 में किए गए किशोरी के मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट तलब की। इसके अलावा उम्र की पुष्टि के लिए किए गए परीक्षण की भी रिपोर्ट भी हासिल की। सीबीआई ने स्वास्थ्य अधिकारियों से उन डाक्टरों का भी ब्योरा मांगा जिन्होंने किशोरी का मेडिकल परीक्षण किया था। सीएमओ कार्यालय से रिपोर्ट हासिल करने के बाद टीम लौट गई। सूत्रों की माने तो हाईकोर्ट ने जून 2017 में दर्ज किए गए मुकदमे की स्थिति सीबीआई से पूछी है। ऐसे में सीबीआई ने 2017 में दर्ज किए गए मुकदमे से संबधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।