नवाबगंज टोल पर हंगामे के बाद मौजूद भीड़।
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज(उन्नाव)। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज टोल प्लाजा पर रविवार शाम एक फास्टैग यूजर का कार्ड ब्लैक लिस्ट होने पर उससे दो गुना शुल्क ले लिया गया। कार सवार के पूछने पर टोल कर्मियों द्वारा की गई अभद्रता से अन्य वाहन सवारों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिससे एक घंटे तक एक लेन का यातायात बाधित रहा। टोल प्रबंधन ने कर्मियों को फटकार लगाई और मामला शांत कराया।
रविवार देर शाम कानपुर से लखनऊ जा रही एक कानपुर रजिस्ट्रेशन नंबर की कार में लगा फास्टैग खराब होने के कारण चालक किदवई नगर निवासी रोहित से नवाबगंज टोल प्लाजा पर दोहरे टोल शुल्क की रसीद काट दी गई। रोहित के टोकने पर टोल कर्मियों ने अभद्रता की। इसपर कार चालक के साथ अन्य वाहनों में सवार लोगों ने भी नाराजगी जताते हुए शोर-शराबा किया। सूचना पर पहुंचे टोल प्रबंधन ने कार सवार को बताया कि उसका फास्टैग कार्ड खराब होने के बाद भी कार फास्टैग लेन में लेकर आने से गाइडलाइन के अनुसार दोगुना शुल्क लेने का नियम लागू है। इसी वजह से मांगा गया है। हंगामे के चलते टोल बैरियर की एक लेन का यातायात एक घंटा बाधित रहा। टोल बैरियर के डिप्टी मैनेजर वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कार सवार द्वारा अभद्रता की शिकायत पर टोल कर्मियों को हिदायत दी गई है।