फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: कार चालक पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
बीघापुर। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर रविवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। हादसे से कुछ देर पहले ही युवक की बहन की बरात आई थी औ वह शादी में शामिल होने आई मौसेरी बहन को लेने जा रहा था।
विज्ञापन

बारासगवर थानाक्षेत्र के तलिहाई गांव निवासी आकाश गौतम (25) पुत्र उदयराज गौतम रविवार रात बीघापुर के अंडरपास के पास खड़ी पंसरियां सरांय गांव निवासी ममेरी बहन पुष्पा को लेने जा रहा था। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर बीघापुर थाने के सामने टायर फटने से कार ने अनियंत्रित होकर दूसरी लेन पर जाकर आकाश की बाइक में टक्कर मार दी थी। तेज टक्कर से आकाश उछलकर 20 मीटर दूर डिवाइडर पर गिरा और हेलमेट न लगाए होने से सिर में गंभीर चोट आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। कार बिहार थानाक्षेत्र के दीवानखेड़ा ककरारी निवासी अवधेश वर्मा कार चला रहे थे। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थानाध्यक्ष राजपाल ने बताया कि मृतक के पिता उदयराज की तहरीर पर कार चालक अवधेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

रात में दो बजे विदा हुई सीता, सुबह चार बजे मायके लौटी
पाटन। तलिहाई गांव निवासी आकाश गौतम की मौत से बहन की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बरात आने के कुछ देर बाद ही दूल्हन के छोटे भाई की सड़क हादसे में मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। बराती हों या घराती किसी ने खाना नहीं खाया। सारे इंतजाम धरे के धरे रह गए।
विज्ञापन

जिस समय सड़क हादसे में आकाश की मौत की सूचना मिली, बराती नाश्ता कर चुके थे। भोजन तैयार हो चुका था लेकिन किसी ने निवाला नहीं तोड़ा था। बरातियों को वापस भेज दिया गया। दूल्हा और उसके परिवार के कुछ लोग ही रुके थे। रात में दूल्हा और उसके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे फिर पोस्टमार्टम हाउस भी गए।
परिवार के बड़े-बुजुर्गों ने काफी विचार-विमर्श किया। इसके बाद शादी की जरूरी रस्मों को औपचारिक तरीके से पूरा कर रात दो बजे दुल्हन सीता उर्फ कोमल को ससुराल विदा किया गया। एक तरफ मायके से विदाई और दूसरी तरफ छोटे भाई की मौत से गमगीन सीता सारी रात बिलखती रही। ससुराल पहुंचने पर वहां गृह प्रवेश की रस्म पूरी कराई गईं और कुछ देर रुकने के बाद सुबह चार बजे सीता फिर मायके आ गई।
सोमवार दोपहर करीब एक बजे पोस्टमार्टम के बाद आकाश का शव घर पहुंचा तो परिजन बेहाल हो गए। भाई की शव देख सीता एक घंटे में सात बार बेहोश हुई। सीता व अन्य परिजनों की हालत देख आधे घंटे बाद ही शव को बक्सर घाट पर अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया गया। परिजन सीता को अभी ससुराल विदा करने के लिए तैयार नहीं हैं। भाई कुलदीप ने बताया कि नए घर में सीता इतनी जल्दी परिवार से घुलमिल नहीं पाएगी। वह भाई की याद में बिलखती रहेगी। इससे उसे एक-दो दिन बाद ही ससुराल भेजने पर विचार किया जा रहा है। आकाश के पिता उदयराज ने बताया कि बेटी को अभी विदा करेंगे या नहीं इस पर दोनों परिवार के लोगों की सहमति और बेटी की इच्छा पर फैसला लिया जाएगा।

क्षतविक्षत हुआ चेहरा, आखिरी बार देख नहीं पाए परिजन
पाटन। सड़क हादसे में मृत आकाश का चेहरा और शरीर क्षतविक्षत हो गया था। पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर ले जाया गया तो परिवार की हालत देख रिश्तेदारों ने यह कहकर शव के ऊपर से कपड़ा नहीं हटाया कि उसकी हालत देख परिजन और बेहाल हो जाएंगे। हंसमुख बेटा खो चुके पिता उदयराज गौतम और मां गुड्डी भी गहरे सदमे में हैं। आकाश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई कुलदीप और छोटा भाई आदित्य उर्फ राज है। पिता, मां और बड़ा भाई खेती के सहारे परिवार का पालन पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। घर के नाम पर केवल एक कच्ची कोठरी और झोपड़ी है। जैसे-तैसे बेटी का विवाह किया है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें