असोहा। दही चौकी-पुरवा मार्ग पर मंगतखेड़ा गांव के पास ईंट लेकर जा रही भैंसा गाड़ी (बुग्गी) में पीछे से तेज रफ्तार कार भिड़ गई। हादसे में बुग्गी चालक और कार में सवार पांच लोग घायल हो गए।
पुरवा कोतवाली के मझखोरिया गांव निवासी संतलाल (45) एक ईंट-भट्ठे में भैंसा गाड़ी (बुग्गी) से कच्ची ईंटों की ढुलाई करता है। रविवार सुबह वह कच्ची ईंट लेकर दही चौकी-पुरवा मार्ग के रास्ते भट्ठे जा रहा था। तभी मंगतखेड़ा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार उसी में भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। घटना में बुग्गी चालक संतलाल सहित कार सवार दही थानाक्षेत्र के जगवा गांव निवासी उमेश (20), नीरज (27) और समहीपार गांव के बग्गा (23) घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से पुलिस ने पुरवा सीएचसी में भर्ती कराया। बुग्गी चालक संतलाल की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। कार सवार लोग सही हैं। बुग्गी चालक की हालत गंभीर है। गाड़ी कब्जे में ली गई है।