हसनगंज। रसूलाबाद-मुंशीगंज मार्ग पास देर शाम पुआल लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बोलेरो और कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में घायल कार सवार किशोर की ट्रामा सेंटर में मौत हो गई जबकि चालक की हालत गंभीर है।
हसनगंज कोतवाली के हसेवां गांव निवासी पूर्व प्रधान रामऔतार सिंह का बेटा अभिनेंद्र सिंह (22) शुक्रवार शाम पड़ोस में रहने वाले अंकुश सिंह (14) पुत्र राना सिंह के साथ कार से हसनगंज जा रहा था। गांव से एक किलोमीटर दूर मुंशीगंज- रसूलाबाद मार्ग पर गजफ्फर नगर गांव के सामने पुआल लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक कर रही बोलेरो ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार चला रहे अभिनेंद्र और आगे की सीट पर बैठा अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को सीएससी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने दोनों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान अंकुश की मौत हो गई, जबकि अभिनेंद्र की हालत गंभीर है। भाई लवकुश ने बताया कि अंकुश दो भाइयों में छोटा था। वहीं, बोलेरो सवार जगदीशपुर गांव निवासी रोहित को हल्की चोटें आई हैं। पिता रामऔतार ने बताया कि अभिनेंद्र का 28 नवंबर को तिलक और चार दिसंबर को शादी है। वह तिलक के लिए कुछ खरीदारी करने हसनगंज कस्बा जा रहा था, तभी हादसा हुआ। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।