उन्नाव। कोरोना की दूसरी लहर ने बरातों और मांगलिक कार्यक्रमों पर ब्रेक लगाया तो बैंड और डीजे वालों का धंधा चौपट हो गया। बाजा और डीजे बजाने वालों के अनुसार इस सहालग की 95 फीसदी बुकिंग, सर्दियों में होने वाली सहालग के लिए बढ़ा दी गई हैं।
सहालग शुरू होने से पहले ही लोगों ने रिश्ता तय करते हुए अप्रैल, मई और जून महीने में होने वाली सहालग के लिए बुकिंग करा ली थी। मार्च में शुरू हुई कोरोना की दूसरी लहर ने सहालग शुरू होते ही पाबंदियां लगा दीं। शहर व आसपास क्षेत्र में 50 बैंड बाजा पार्टी और इतने ही डीजे संचालक हैं। इस काम से जुड़े लोगों ने बताया कि लोग खुद ही बुकिंंग आगे बढ़ा रहे हैं। बैंड बाजा कंपनी संचालक दानिश ने बताया कि पिछली दो सहालगों में नुकसान के बाद इस बार राहत मिलने की उम्मीद थी। शादियों और अन्य मांगलिक कार्यक्रम लगभग बंद हो गए हैं। इससे परिवार पालना मुश्किल हो रहा है। बैंड कंपनी के संचालक अच्छे शाह ने बताया कि बैंड बाजा व रोड लाइट की 95 फीसदी बुकिंग लोगों ने अगली सहालग के लिए बढ़ दी हैं। अगर यही हालात रहे तो स्थिति और खराब होगी।