बांगरमऊ। नानामऊ मार्ग पर शनिवार को फिर से बुलडोजर गरजा और देखते ही देखते एक दर्जन मकान धराशाई हो गए।
नगर के प्रमुुख मार्ग नानामऊ रोड का चौड़ीकरण किया जाना है।
करीब दो माह पूर्व तहसील एवं पालिका प्रशासन ने मार्ग के दोनों ओर स्थित और पचास फिट चौड़ाई की सीमा में आने वाले मकानों और दुकानों को तोड़ दिया गया। लेकिन कई लोगों ने अपने मकान स्वयं तोड़ देने का वादा किया था। जिससे करीब एक दर्जन मकान चौड़ीकरण की सीमा में आने के बावजूद टूटने से बच गए थे।
यही मकान मार्ग के दोनों ओर नाला निर्माण में अवरोध बने हुए हैं। शनिवार को पालिका के करीब 50 कर्मचारी जेसीबी मशीन के साथ नानामऊ मार्ग पर जा धमके और अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
सुरक्षा के लिए अपर पुलिस अधीक्षक रामकिशुन यादव, एसडीएम सरजू प्रसाद शुक्ला, तहसीलदार मंसूर खां, कानूनगो सुहैल अहमद की मौजूदगी में स्थानीय कोतवाली सहित चार पड़ोसी थानों का भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने चार घंटे के अंतराल में नानामऊ मार्ग के अजय तिवारी, रमाकांत गुप्ता सहित करीब दर्जन मकान ध्वस्त कर दिए।