शहर के बाबूगंज में सीवर लाइन की खुदाई में टूटी बीएसएनएल केबल।
- फोटो : UNNAO
अमृत (अटल मिशन फॉर रिजूवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफार्मेशन) योजना के तहत भूमिगत सीवर लाइन के लिए खुदाई के दौैरान बीएसएनल की भूमिगत केबल दो स्थानों पर कट गई। दो हजार टेलीफोन व पांच सौ ब्राडबैंड 24 घंटे से ठप है। बीएसएनल के अधिकारी शुक्रवार दोपहर तक मरम्मत होने की बात कह रहे हैं।
अमृत योजना के तहत शहर में मुख्य मार्ग के किनारे भूमिगत सीवर लाइन बिछाई जा रही है। बुधवार रात शाम 5 बजे मोहल्ला बाबूगंज में जेसीबी से सड़क की खुदाई के दौरान बीएसएनएल की भूमिगत केबल क्षतिग्रस्त हो गई।
इससे मोहल्ला मोतीनगर, बाबूगंज हाकिमटोला स्थित बैंकों व अन्य प्रतिष्ठानों की इंटरनेट सेवा ठप हो गई। वहीं, बेसिक फोन भी बंद हो गए। ब्राडबैंड सेवा ठप होने से कामकाज प्रभावित हुआ तो लोगों को दूसरे नेटवर्क का सहारा लेना पड़ा।
दूर संचार विभाग के एसडीओ नंदकिशोर ने बताया कि जलनिगम द्वारा जेसीबी से खुदाई के दौरान तीन केबल टूटने से दूर संचार सेवा ठप हुई है। बताया कि शुक्रवार दोपहर तक संचार सेवा बहाल कर ली जाएगी।
जलनिगम के एक्सईएन मोहित चक ने बताया कि खुदाई से पहले ही बीएसएनल को लिखित सूचना दी गई थी। लेकिन रिकार्ड न होने से यह पता नहीं चल पाता है कि केबिल कितनी गहराई और किस जगह पर है। इसी वजह से बार-बार समस्या होती है।