फतेहपुर चौरासी। नशे में धुत बारातियों में मारपीट की सूचना पर पहुंचे एक सिपाही ने समझाने का प्रयास किया तो बारातियों ने उसे दौड़ाकर पीटा। खुद का बचाव करते हुए सिपाही पुलिस चौकी में घुस गया। पीछा करते हुए चौकी में घुसे हमलावरों ने चौकी इंचार्ज व अन्य सिपाहियों के साथ धक्कामुक्की की और आग लगाने की धमकी देने लगे।
सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग युवकों को खींचकर अपने साथ लेकर गए। सिपाही ने नौ ज्ञात और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और पुलिस चौकी में घुसकर तोड़फोड़ करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के तकिया गांव निवासी मो. हबीबुल की बेटी की बारात बांगरमऊ से आई थी। रात करीब दस बजे अगवानी के दौरान बाराती डांस कर रहे थे। नशे में धुत युवकों में डांस के दौरान विवाद के बाद मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर तकिया पुलिस चौकी इंचार्ज भगवान सिंह ने सिपाही अनिल कुमार को मौके पर भेजा।
सिपाही ने आपस में मारपीट कर रहे युवकों को समझाने का प्रयास किया तो वह एकजुट हो गए और सिपाही से ही मारपीट करने लगे। खुद को बचाने के लिए सिपाही भागा और पुलिस चौकी में घुस गया। पीछा करते हुए पहुंचे हमलावरों ने चौकी में घुसकर चौकी इंचार्ज भगवान सिंह, सिपाही गौस मोहम्मद और रामबरन के साथ भी हाथापाई की। इसी बीच लड़की और लड़के पक्ष के संभ्रांत लोग पहुंचे मारपीट करने वाले युवकों को खींचकर ले गए।
चौकी इंचार्ज ने उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी और पिटाई से घायल सिपाही अनिल कुमार की स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में मरहम पट्टी कराई। फतेहपुर चौरासी थानाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने बताया कि जिन लोगों के नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई है उनमें तकिया निवासी अंसारी, अकील और दानिश, हरदोई के मल्लावां निवासी मुरारी, बांगरमऊ निवासी अतीक, हबीब, सद्दाम, मोहिद और नूर आलम शामिल हैं इनके अलावा दस अज्ञात लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।