फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीआरजीएफ की बैठक में अधिकारियों पर जमकर बरसे पुरवा विधायक

Wed, 28 Jan 2015 01:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। बीआरजीएफ की बैठक में पुरवा विधायक उदयराज यादव, अधिकारियों पर जमकर बरसे। कहा कि, बिना जनप्रतिनिधिओं से मांगे ही जिला योजना के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिए गए।
विज्ञापन


जब तक विधायक, ब्लाक प्रमुखों से प्रस्ताव नहीं लिए जाएंगे तब तक वह जिला योजना की बैठक में शामिल नहीं होंगे। इसका सदन में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधिओं व जिला पंचायत सदस्यों ने मेज थपथपाकर समर्थन किया।

मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे विकास भवन सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति रावत की अध्यक्षता में बीआरजीएफ की बैठक शुरू हुई। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने शिकायत की कि उनके द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को शामिल नहीं किया जा रहा है।
विज्ञापन


इसके बाद पुरवा विधायक उदयराज यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधिओं (विधायक, ब्लाक प्रमुखों) को अपने क्षेत्र की जानकारी होती है कि कहां कौन सा विकास कराना है, लेकिन 29 जनवरी को होने वाली जिला योजना की बैठक के लिए विभागीय अधिकारियों ने प्रस्ताव तैयार कर लिए, पर जनप्रतिनिधिओं से प्रस्ताव नहीं मांगा।

उन्होंने पीडब्ल्यूडी एक्सईएन से पूछा कि जिला योजना के लिए तैयार किए गए प्रस्तावों में किसी जनप्रतिनिधि से प्रस्ताव मांगा। यही सवाल उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से किया। दोनों ही अधिकारी बगलें झांकने लगे। कहा कि अधिकांश विभागों के अधिकारियों का यही हाल है।

किसी भी अधिकारी ने प्रस्ताव तैयार करने के लिए विधायकों, ब्लाक प्रमुखों से बात नहीं की। सभी अपने मनमाने ढंग से प्रस्ताव बनाकर भेज देते हैं। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी की ओर मुखातिब होते हुए पुरवा विधायक ने कहा कि क्या तमाशा बना रखा है। आप लोग क्या चाहते हो। कोई भी अधिकारी जनप्रतिनिधिओं की बातों को तवज्जो नहीं दे रहा है। कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है।

अधिकारी अपने हित में काम कर रहे हैं। विधायक ने कडे़ शब्दों में कहा कि जनप्रतिनिधिओं के प्रस्तावों को शामिल किए बिना वह जिला योजना की बैठक में शामिल नहीं होंगे।

लऊवा गांव में खड़ंजा उखाड़कर पाइप लाइन डालने के मामले में विधायक ने जलनिगम एक्सईएन को निशाने पर लिया। पूछा कि जनपद में जितनी योजनाएं चल रही हैं उनका कितनी बार स्थलीय निरीक्षण किया है। इसका एक्सईएन कोई सटीक जवाब नहीं दे पाए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें