एक साल की पौत्री अंशिका को गोद में लिए दादी रामबेटी व मौजूद परिजन।
- फोटो : UNNAO
गंजमुरादाबाद(उन्नाव)। थाना बेहटामुजावर क्षेत्र में बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर एक्सप्रेस वे अंडरपास के निकट तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार पिता और उसकी विवाहिता पुत्री की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक का आठ साल का बेटा घायल हो गया। वहीं, हादसे के वक्त महिला की गोद में रही एक साल की बेटी बाल-बाल बच गई। पुलिस ने चालक को बोलेरो सहित कब्जे में ले लिया है। मृतक किसान था।
औरास थाना क्षेत्र के ग्राम सरौद निवासी रामशंकर (50) की बेटी प्रीती (25) का बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जाफ राबाद निवासी अर्जुन के साथ विवाह हुआ था। शुक्रवार सुबह रामशंकर, अपने बेटे रवन (8) को बाइक में साथ बैठाकर बेटी प्रीती को लिवाने जाफ राबाद गांव आया था। देर शाम को वह प्रीती को अपने साथ लिवाकर जा रहा था। रास्ते में बांगरमऊ -संडीला मार्ग पर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के अंडरपास के निकट विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। तेज टक्कर लगने से बाइक चालक, उसकी बेटी, बेटा व बेटी की एक साल बच्ची उछल कर दूर जा गिरी। लोगों की सूचना पर पहुंची पीआरवी ने बेहटामुजावर थाना पुलिस को जानकारी दी।
थाना प्रभारी भावनाथ चौधरी मौके पर पहुंचे और यूपीडा की एंबुलेंस को बुलाकर सभी को गंजमुरादाबाद पीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रामशंकर व उसकी बेटी प्रीती की मौत हो गई। रामशंकर का घायल बेटे रवन का इलाज चल रहा है। वहीं, प्रीती की गोद में मौजूद उसकी एक साल की बेटी अंशिका बाल-बाल बच गई। घायल बच्चे को पीएचसी से जिला अस्पताल रेफ र कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी।