उन्नाव। जिले के सफ ीपुर विधायक व एक बैंक कर्मी सहित 14 लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई हैं। इसमें चार महिलाएं, एक वृद्ध सहित सात अन्य लोग भी शामिल हैं। संक्रमितों को सरस्वती मेडिकल कालेज व बिछिया कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सफ ीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बंबालाल दिवाकर ने तीन दिन पहले लखनऊ में कोरोना की जांच कराई थी। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में वह पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें लखनऊ में भर्ती कराया गया है। जिले से भेजे गए सैंपलों में कांशीराम कॉलोनी निवासी 34 व 36 साल की दो महिलाएं, पाटन तहसील की एक राष्ट्रीयकृत बैंक का कर्मचारी, सफ ीपुर में 55 वर्षीय वृद्ध, 25 वर्षीय महिला, सफीपुर के ही मोहल्ला सरायं सूबेदार निवासी 48 वर्षीय महिला, उन्नाव शहर में नवीन मंडी निवासी 38 वर्षीय युवक और शुक्लागंज के आर्य नगर निवासी 45 वर्षीय युवक भी शामिल हैं। जिला अस्पताल में ट्रूनेट मशीन से कराई गई जांच में दो बच्चे, एक महिला व दो मीडिया कर्मियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि संक्रमितों को जिले के अलग-अलग कोविड एलवन अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अब तक जिले में कुल 416 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें स्वस्थ होने पर 161 को घर भेजा जा चुका है। 249 का इलाज चल रहा है। इसमें 6 की मौत हो चुकी है।
सात संक्रमितों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव, अस्पताल से छुट्टी
बिछिया प्रतिनिधि के अनुसार कोविड एल वन अस्पताल में भर्ती सात संक्रमितों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने पर एसीएमओ ने पुष्प वर्षा कर विदाई दी। सभी से 14 दिन घर पर क्वारंटीन रहने को कहा गया है। उन्नाव पुलिस लाइन का एक पुलिस कर्मी, शुक्लागंज प्रेमनगर के तीन युवक, उन्नाव के रानीपुर गांव की महिला, मियागंज व बांगरमऊ के एक-एक युवक की दूसरी रिपोर्ट शुक्रवार को निगेटिव आने पर एसीएमओ डॉ. एके रावत, कोविड टीम लीडर डॉ. दीपक वर्मा, डॉ. आरती बाला सहित पैरा मेडिकल स्टॉफ ने पुष्प वर्षा करने के साथ स्वास्थ्य प्रमाणपत्र देकर विदाई दी। अब तक 128 डिस्चार्ज हो चुके हैं।