मौरावां। मौरावां थानाक्षेत्र के दरेहटा गांव निवासी ललित कुमार रावत (28) का शव रविवार को तालाब में उतराता मिला। वह अपनी बहन के गांव असूलखेड़ा जाने की बात कहकर घर से निकला था। ग्रामीणों ने तालाब किनारे उसकी साइकिल खड़ी देख परिजन को सूचना दी।
ललित मजदूरी करता था और रविवार सुबह घर से निकला था। शाम तक बहन के घर न पहुंचने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार को नयागांव स्थित परेता तालाब के किनारे ग्रामीणों ने उसकी साइकिल खड़ी देखी, पास जाकर देखने पर तालाब में एक शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी।
पिता लक्ष्मीनारायण ने पुलिस को बताया कि तालाब के बीच से एक शार्टकट रास्ता है। इस रास्ते पर पानी भरा होने के कारण पैर फिसलने से ललित के डूबने की आशंका है। ललित चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मां की दस साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी पत्नी श्रीकांती और एक बेटी अनाया है। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि परिवार का किसी पर कोई आरोप नहीं है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।